नई दिल्ली: देश के ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे शहरों में छिपी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए पब्लिक रिलेशन क्षेत्र की अग्रणी संस्था PR 24×7 ने एक नई और महत्वाकांक्षी पहल ‘प्रगति’ की शुरुआत की है। इस योजना के तहत संस्था देशभर के 100 शुरुआती और नवाचार आधारित स्टार्टअप आइडियाज को ₹50 हजार से लेकर ₹50 लाख तक की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।
संस्था का उद्देश्य उन युवा इनोवेटर्स और उद्यमियों को मंच देना है, जिनके पास बेहतर बिजनेस आइडिया तो है, लेकिन वित्तीय संसाधनों की कमी के कारण वे उसे आगे नहीं बढ़ा पाते। विशेष रूप से टियर-2 और टियर-3 शहरों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को इस पहल का लाभ मिलेगा।
स्टार्टअप्स की सबसे बड़ी चुनौती है शुरुआती फंडिंग
भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। बावजूद इसके, बड़ी संख्या में स्टार्टअप्स शुरुआती वर्षों में ही बंद हो जाते हैं। विभिन्न बिजनेस रिपोर्ट्स के अनुसार, देश में शुरू होने वाले लगभग 90 प्रतिशत स्टार्टअप्स पहले पांच वर्षों के भीतर असफल हो जाते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इसका प्रमुख कारण बाजार की कमी नहीं, बल्कि समय पर सीड फंडिंग, निवेशक और मार्गदर्शन का अभाव है।
इसके अलावा देश में होने वाला अधिकांश स्टार्टअप निवेश बेंगलुरु, दिल्ली-एनसीआर और मुंबई जैसे बड़े शहरों तक सीमित रहता है, जिससे छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों के नवाचार अक्सर संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाते हैं।
“असली इनोवेशन छोटे शहरों और गांवों में है” : डॉ. अतुल मलिकराम
इस पहल की घोषणा करते हुए PR 24×7 के संस्थापक डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि देश के ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे शहरों में ऐसे हजारों युवा हैं जिनके पास शानदार बिजनेस आइडियाज और उन्हें साकार करने का जज्बा मौजूद है।
उन्होंने कहा, “असली सितारे और भविष्य के बड़े बिजनेस आइडियाज हमारे गांवों और छोटे शहरों में बसते हैं। उन्हें केवल एक अवसर और आर्थिक सहयोग की जरूरत है। हम नहीं चाहते कि किसी युवा का सपना सिर्फ इसलिए अधूरा रह जाए क्योंकि उसके पास शुरुआती निवेश नहीं है। ‘प्रगति’ के माध्यम से हम ऐसे युवाओं को वित्तीय सहायता के साथ-साथ पहचान और आगे बढ़ने का अवसर भी देंगे।”
बिना फीस, बिना मीडिएटर और पूरी पारदर्शिता
PR 24×7 ने चयन प्रक्रिया को बेहद सरल और पारदर्शी बनाने का दावा किया है। इच्छुक उम्मीदवारों को केवल अपना बिजनेस प्रपोजल या आइडिया संस्था के साथ साझा करना होगा। इसके बाद विशेषज्ञों की चयन समिति उन प्रस्तावों का मूल्यांकन करेगी।
सबसे खास बात यह है कि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा और न ही किसी मध्यस्थ की आवश्यकता होगी। चयनित उम्मीदवारों से संस्था की टीम सीधे संपर्क करेगी और आगे की प्रक्रिया की जानकारी देगी। साथ ही दस्तावेजी प्रक्रिया को भी न्यूनतम और सरल रखा गया है।
युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
संस्था का मानना है कि देश में अनेक ऐसे इनोवेटर्स हैं जो अपनी पहली फंडिंग का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे युवा जो अपने विचारों को सफल व्यवसाय में बदलना चाहते हैं, उनके लिए यह पहल एक बड़ा अवसर साबित हो सकती है।
यदि आपके पास भी कोई ऐसा स्टार्टअप आइडिया है जो समाज या बाजार में सकारात्मक बदलाव ला सकता है, तो आप इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं।
संपर्क
– ईमेल: amg24x7@gmail.com
– मोबाइल: 9755020247

