जमशेदपुर: सवर्ण महासंघ फाउंडेशन भारत ने राष्ट्रीय अध्यक्ष डी.डी. त्रिपाठी के नेतृत्व में टाटा मोटर्स हॉस्पिटल के मुख्य सेवा अधिकारी (हेड मेडिकल सर्विसेज) के रूप में पदभार ग्रहण करने पर डॉ. संजय लाल श्रीवास्तव का सम्मान किया। संगठन की ओर से उन्हें पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और सदस्यों ने सामूहिक रूप से डॉ. श्रीवास्तव का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य एवं सेंट्रल पीस कमेटी के वरिष्ठ सदस्य नंदलाल सिंह, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबू वीरेंद्र सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री संजीव कुमार श्रीवास्तव, संतोष कुमार सिंह, उपेंद्र तिवारी, लैला तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डी.डी. त्रिपाठी ने कहा कि टाटा समूह अपने उच्च नैतिक मूल्यों, कार्य संस्कृति और सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पण के लिए विश्वभर में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि टाटा कंपनी ने हमेशा यह सिद्ध किया है कि वह केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करती है।
त्रिपाठी ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. संजय लाल श्रीवास्तव के नेतृत्व में टाटा मोटर्स हॉस्पिटल की पूरी मेडिकल टीम स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगी। साथ ही कंपनी के कर्मचारियों के अलावा आसपास के क्षेत्र के लोगों को भी उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सम्मान से अभिभूत डॉ. संजय लाल श्रीवास्तव ने कहा कि चिकित्सकों के जीवन का प्रथम और अंतिम उद्देश्य समाज सेवा और जनकल्याण है। उन्होंने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ करते रहेंगे तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रयासरत रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने डॉ. जयंत का भी पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया और उनके योगदान की सराहना की।

