Breaking
Tue. Apr 28th, 2026

गुस्से में खौफनाक कदम- युवती की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

पत्नी ने मायके जाने की जताई थी जिद

बोकारो। जिले के पिण्ड्राजोरा थाना क्षेत्र के चकोलिया गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। घटना 26 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। सूचना मिलते ही पिण्ड्राजोरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि चकोलिया निवासी विकास कुमार रजवार ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी शानु देवी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल चास भेज दिया।मृतका की मां सवित्री देवी के लिखित आवेदन के आधार पर पिण्ड्राजोरा थाना में कांड संख्या 42/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पति विकास कुमार रजवार को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसकी पत्नी बार-बार मायके जाने की जिद कर रही थी, जिससे वह गुस्से में आ गया और कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून सना कुल्हाड़ी और घटनास्थल से खून लगा बेडशीट भी बरामद कर लिया है। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि घटना के हर पहलू को सामने लाया जा सके।छापेमारी दल में थाना प्रभारी रवि कुमार, दिलीप टूडु, कुणाल किशोर मौर्य, अजय कुमार पासवान समेत अन्य पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल शामिल थे।

Related Post