Breaking
Tue. Apr 28th, 2026

चतरा में बढ़ती गर्मी से जनजीवन बेहाल, 43 डिग्री तापमान ने बढ़ाई परेशानी, स्कूली बच्चे पड़ रहे बीमार

चतरा : जिले में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के कारण आमजन के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह 8 बजे के बाद से ही तेज धूप के साथ लू चलना शुरू हो जाता है, जिससे घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को हो रही है। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच उन्हें स्कूल जाना पड़ रहा है, जिससे उनकी सेहत पर भी असर पड़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि सुबह के समय ही गर्मी इतनी बढ़ जाती है कि बच्चों का स्कूल जाना जोखिम भरा लगने लगा है। कई जगहों पर बच्चे धूप और उमस के कारण थकावट और चक्कर की शिकायत कर रहे हैं। कई बच्चों को सदर अस्पताल में इलाज के भर्ती कराना पड़ा है। वहीं कई अभिभावकों ने प्रचंड गर्मी को देखते हुवे अपने बच्चों को स्कूल ही भेजना बंद कर दिया है। इस भीषण गर्मी के कारण खासकर बुजुर्ग और छोटे बच्चों के लिए यह स्थिति काफी कठिन हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ती गर्मी ने दैनिक जीवन को प्रभावित कर दिया है। आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासन से लोगों ने स्कूल के समय में बदलाव करने की मांग की है, ताकि बच्चों को राहत मिल सके। गर्मी और लू के इस प्रकोप से बचने के लिए चिकित्सकों ने लोगों को बेवजह घर से बाहर न निकलने, अगर निकल रहे हैं तो भर पेट खाना खाकर निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के लिए सिर को ढंककर रखने की सलाह दी है। फिलहाल, चतरा में गर्मी का असर थमने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

Related Post