Breaking
Fri. Feb 27th, 2026

जमशेदपुर के सर्किट हाउस एरिया में बड़े कारोबारी के घर पर चला बुलडोजर

जमशेदपुर :- जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति ने नक्शा विचलन कर अवैध निर्माण करने वाले भवनों पर बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया है। गुरुवार को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार के आदेश के बाद एक टीम बुलडोजर लेकर सीधे सर्किट हाउस एरिया पहुंच गई।

जहां पार्क रोड में होल्डिंग नंबर-9ए के सामने पहुंची, जहां शहर के बड़े कारोबारी दीपक आडेसरा व आश्विन आडेसरा के अवैध निर्माण को बुलडोजर से ढाह दिया। इस मौके पर जमशेदपुर अक्षेस के इंजीनियर एमके प्रधान, प्रभारी कर-दारोगा एमकेएल दास, राजकुमार, गणेश राम, विनोद तिवारी के साथ ही पुलिस व होमगार्ड के जवान उपस्थित थे।

इस संबंध में पूछने पर जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि सर्किट हाउस पार्क रोड स्थित होल्डिंग नंबर-9ए निवासी दीपक आडेसरा व आश्विन आडेसरा द्वारा नक्शा विचलन कर मकान बनाए जाने की सूचना मिली थी।

सूचना के बाद पाया गया कि सूचना सही और भवन मालिक ने पार्किंग के स्थान पर बहुत सारे कमरे बना लिए थे। इस गलती पर जमशेदपुर अक्षेस की ओर से दो बार नोटिस दी गई थी। भवन मालिक ने दोनों नोटिस का जवाब देना मुनासिब नहीं समझा। इसके बाद गुरुवार को जमशेदपुर अक्षेस की टीम को अवैध निर्माण को ध्वस्त करने को भेजा गया। उन्होंने बताया कि कुछ कमरे में सामान रखा हुआ था। उसे जल्द से जल्द सामान हटाने को कहा गया है, ताकि बचे हुए अवैध निर्माण को भी ध्वस्त किया जा सके।

इस संबंध में जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि इससे पहले भी नक्शा विचलन कर शहर में अवैध निर्माण करने वाले 53 भवन मालिकों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। शुक्रवार को एफआइआर दर्ज हो जाएगा।

Related Post