जमशेदपुर: सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय श्रीकांत देव को राष्ट्रीय पोद्दार वैश्य महासभा में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत पोद्दार ने उनकी कार्यकुशलता और सामाजिक सक्रियता को देखते हुए यह जिम्मेदारी दी है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद श्रीकांत देव ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
श्रीकांत देव वर्तमान में वैश्य एकता मंच के प्रदेश महामंत्री के पद पर भी कार्यरत हैं। इसके अलावा वे विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं और लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
वैश्य एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष बैजनाथ प्रसाद और पोद्दार वैश्य कल्याण समिति, कोल्हान के अध्यक्ष अरुण कुमार पोद्दार ने श्रीकांत देव को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि सामाजिक क्षेत्र में समर्पण, मिलनसार व्यवहार और लोगों से बेहतर संवाद उनकी पहचान रही है। मेहनत और संघर्ष के बल पर उन्होंने सामाजिक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।
दोनों पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली नई जिम्मेदारी के माध्यम से श्रीकांत देव संगठन और समाज के हित में सक्रिय भूमिका निभाएंगे तथा सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।

