चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित प्रोजेक्ट जागृति- बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम के तहत सदर अस्पताल, चाईबासा स्थित कुपोषण उपचार केंद्र में टीबी मरीजों के बीच पोषक आहार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. मीना कालुंडिया की उपस्थिति में जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार ने निक्षय मित्र के रूप में 21 टीबी मरीजों के बीच पोषक आहार का वितरण किया।
इस पहल का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के साथ पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराना और उनके स्वास्थ्य लाभ में सहयोग करना है। मौके पर सिविल सर्जन डॉ. मीना कालुंडिया ने कहा कि टीबी के उपचार में नियमित दवा के साथ पौष्टिक आहार भी जरूरी है। निक्षय मित्र पहल के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को टीबी मरीजों के सहयोग से जोड़ा जा रहा है। सामूहिक सहभागिता से टीबी उन्मूलन के प्रयासों को और मजबूती मिल सकती है।
जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार ने कहा कि टीबी मरीजों के प्रति सहयोग और संवेदनशीलता की भावना बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। पोषक आहार के माध्यम से उपचार के दौरान मरीजों को आवश्यक पोषण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रोजेक्ट जागृति के तहत जिला प्रशासन द्वारा टीबी मरीजों के उपचार के साथ उनके पोषण, जागरूकता और सामाजिक सहयोग पर भी जोर दिया जा रहा है। निक्षय मित्रों की सहभागिता से जिले में टीबी मरीजों को आवश्यक पोषण सहयोग उपलब्ध कराने का कार्य लगातार किया जा रहा है।

