Breaking
Sat. Oct 3rd, 2026

8 अक्टूबर को जमशेदपुर में कांग्रेस निकालेगी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से 2 से 8 अक्टूबर तक चल रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत 8 अक्टूबर को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को तिलक पुस्तकालय स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता हुई। इस दौरान अभियान की रूपरेखा और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।

जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में लोकतंत्र एवं मताधिकार की रक्षा को लेकर सप्ताहभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 8 अक्टूबर को होने वाले जिला स्तरीय मार्च में कांग्रेस के साथ इंडिया गठबंधन के घटक दलों के नेता और कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर गठबंधन के नेताओं के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मार्च से पहले प्रखंड स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को मताधिकार, लोकतांत्रिक अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके बाद जिला मुख्यालय में बड़े स्तर पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च निकाला जाएगा। इसमें राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं के अलावा जिला, प्रखंड, मंडल और पंचायत स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।

परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि मतदाता का वोट लोकतंत्र की महत्वपूर्ण ताकत है। योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल होना और अयोग्य लोगों के नाम हटना जरूरी है। उन्होंने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और चुनाव प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी तथा निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग करेगी। आंदोलन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई जाएगी।

कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और इंडिया गठबंधन के नेताओं से अभियान को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाने की अपील की। प्रेस वार्ता में प्रवक्ता राजीव मिश्रा, प्रदेश सचिव ब्रजेन्द्र तिवारी, उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव, रामलाल प्रसाद पासवान, योगेन्द्र सिंह यादव, संजय सिंह आजाद, राकेश साहू, कौशल प्रधान, सुल्तान अहमद, रंजीत झा समेत अन्य कांग्रेसजन मौजूद थे।

Related Post