Breaking
Sat. Oct 3rd, 2026

नामकुम में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी, 173 बोतल-कैन के साथ तीन गिरफ्तार

रांची। नामकुम थाना क्षेत्र में अवैध रूप से विदेशी शराब और बीयर की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग दुकानों और होटल में छापेमारी कर कुल 173 बोतल व कैन में 79.44 लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। मामले में नामकुम थाना में कांड संख्या 274/26, दिनांक 3 अक्टूबर 2026 को बीएनएस की धारा 275/292 तथा एक्साइज एक्ट की धारा 47(ए) एवं 52(डी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को 3 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि नामकुम थाना क्षेत्र के तुंजू-नचलदाग स्थित बजरंग महतो के होटल तथा बुतियो गांव में शिव शंकर बड़ाईक और शिवा बड़ाईक की दुकानों में अवैध रूप से विदेशी शराब रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।

टीम ने सबसे पहले तुंजू-नचलदाग स्थित बजरंग महतो उर्फ हरिनाथ महतो के होटल में छापेमारी की। यहां से 31 बोतल किंगफिशर स्ट्रांग बीयर, 10 बोतल स्टर्लिंग रिजर्व बी7 व्हिस्की, 375 एमएल की दो बोतल स्टर्लिंग रिजर्व बी7 तथा 10 बोतल आइकोनिक व्हाइट व्हिस्की बरामद की गई। शराब के संबंध में वैध कागजात नहीं मिलने पर बजरंग महतो को गिरफ्तार कर लिया गया।

इसके बाद पुलिस टीम ने बुतियो गांव में शिव शंकर बड़ाईक और शिवा बड़ाईक की दुकानों पर छापेमारी की। शिव शंकर की दुकान के फ्रीज और दुकान के अंदर छिपाकर रखी शराब में 50 कैन गॉडफादर स्ट्रांग बीयर, पांच बोतल किंगफिशर स्ट्रांग बीयर, 13 बोतल आइकोनिक व्हाइट व्हिस्की, 10 बोतल स्टर्लिंग रिजर्व बी7, सात बोतल 375 एमएल स्टर्लिंग रिजर्व बी7, पांच बोतल 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक एलिट और चार बोतल मैकडॉवेल्स लग्जरी व्हिस्की बरामद हुई। पुलिस को देखते ही दुकान संचालक शिव शंकर बड़ाईक फरार हो गया, जबकि उसके पुत्र और दुकान के सहयोगी संचालक पंकज बड़ाईक को गिरफ्तार कर लिया गया।

वहीं, शिवा बड़ाईक की दुकान से 25 कैन गॉडफादर स्ट्रांग बीयर, 10 बोतल आइकोनिक व्हाइट व्हिस्की और 375 एमएल की छह बोतल आइकोनिक व्हाइट व्हिस्की बरामद की गई। प्रेस विज्ञप्ति में शिवा बड़ाईक का नाम भी गिरफ्तार आरोपियों की सूची में दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में बजरंग महतो उर्फ हरिनाथ महतो (48), निवासी नचलदाग, तुंजू, तथा पंकज बड़ाईक (29) शामिल हैं। पुलिस की ओर से शिव शंकर बड़ाईक (50) को भी गिरफ्तार बताया गया है, जबकि घटनाक्रम में उसके छापेमारी के दौरान फरार होने की बात कही गई है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है।

Related Post