Breaking
Sat. Oct 3rd, 2026

डिमना रोड पर मोबाइल छिनतई का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग निरुद्ध

जमशेदपुर। उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित शर्मा फर्नीचर के पास युवक से मोबाइल छिनतई के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार करने के साथ एक विधि विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे से छिनतई किया गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-3 स्थित केजीएन कॉलोनी निवासी आसिफ अंसारी उर्फ सिफ्फु (21) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, डिमना रोड पर मोबाइल छिनतई की घटना की सूचना मिलने के बाद उलीडीह पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंच गई। जांच के दौरान पुलिस ने आसिफ अंसारी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथ शामिल विधि विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया गया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छिनतई किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी आसिफ अंसारी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि विधि विरुद्ध किशोर को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Related Post