Breaking
Sat. Oct 3rd, 2026

न्यू बाराद्वारी फायरिंग कांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार; हथियार और स्कूटी बरामद

जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के खुशबू नगर, न्यू बाराद्वारी में 1 अक्टूबर की रात आबिद हुसैन पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू, मो. कैफ उर्फ स्मोलू और दशरथ शुक्ला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो देसी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां और होंडा कंपनी की एक्टिवा स्कूटी बरामद की है।

एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 1 अक्टूबर की रात करीब 11:15 बजे सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना के बाद सिटी एसपी ललित मीणा की निगरानी में थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और घायल आबिद हुसैन को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि स्कूटी पर सवार राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू और मो. कैफ उर्फ स्मोलू ने आबिद हुसैन को गोली मारी थी। घायल के बयान के आधार पर सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 105/2026, दिनांक 2 अक्टूबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान मामले में कथित रूप से सहयोग करने के आरोप में दशरथ शुक्ला को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू के खिलाफ सोनारी, सीतारामडेरा, सिदगोड़ा, गोलमुरी, घाटशिला, गालूडीह, कदमा, एमजीएम, आदित्यपुर और आरआईटी समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी, लूट, मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। वहीं, मो. कैफ उर्फ स्मोलू के खिलाफ कदमा, साकची सहित अन्य थाना क्षेत्रों में लूट और आपराधिक मामलों की प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। दशरथ शुक्ला के खिलाफ भी गोलमुरी, साकची और सीतारामडेरा समेत अन्य थाना क्षेत्रों में मारपीट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और विद्युत अधिनियम से जुड़े मामले दर्ज बताए गए हैं।

छापामारी दल में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, सीतारामडेरा थाना के पुलिस पदाधिकारी अक्षय कुमार, आनंद कुमार मिश्रा, सूरज प्रसाद, अमित कुमार, युवराज कुमार, मनोरंजन कुमार और चांदनी कुमारी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Post