Breaking
Sat. Sep 19th, 2026

सड़क सुरक्षा को लेकर डीसी ने कसी अधिकारियों की जिम्मेदारी, सात स्थानों पर लगेंगे स्पीड गन कैमरे

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में यातायात एवं सड़क सुरक्षा तथा हाईवे सुरक्षा टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग और शहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था, दुर्घटनाओं के कारण, प्रवर्तन कार्रवाई और सड़क सुरक्षा से जुड़े उपायों की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि अगस्त में जिले में 34 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इनमें 22 लोगों की मौत हुई, जबकि 26 लोग घायल हुए। दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करना, गलत दिशा में वाहन चलाना तथा यातायात नियमों की अनदेखी सामने आई। उपायुक्त ने इन कारणों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित जांच और कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी के लिए सात चिन्हित स्थानों पर स्पीड गन कैमरे लगाए जाएंगे। एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने बताया कि अगले दो माह में कैमरे स्थापित कर गति सीमा के उल्लंघन की निगरानी शुरू कर दी जाएगी। उपायुक्त ने शहरी क्षेत्रों में अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर यातायात प्रबंधन मजबूत करने को कहा।

मानगो बस स्टैंड में लंबे समय से खराब पड़े बसों और अन्य वाहनों को हटाने का निर्देश ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि को दिया गया। प्रमुख चौक-चौराहों पर ऑटो के लिए पिक एंड ड्रॉप प्वाइंट निर्धारित करने तथा परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच करने को भी कहा गया।

सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर अब तक 121 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं और 5 लाख 96 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूला गया है। उपायुक्त ने दुर्घटना संभावित स्थलों की निगरानी, साइनेज सुधार और जनजागरूकता अभियान तेज करने पर जोर दिया। बैठक में एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, डीडीसी नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीसी अनुराग तिवारी, डीटीओ, ट्रैफिक डीएसपी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, एनएचएआई, आरसीडी, जुस्को समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Related Post