जमशेदपुर। जुगसलाई नगर परिषद के सेवानिवृत्त चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के समाधान को लेकर भाजपा नगर निकाय प्रकोष्ठ, झारखंड प्रदेश के संयोजक एवं पार्षद अनिल मोदी से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने बताया कि लंबे समय से उन्हें पेंशन और अन्य देय लाभों के भुगतान से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेंशन ही उनके जीवन-यापन का प्रमुख साधन है, लेकिन विभिन्न मदों में राशि लंबित रहने के कारण आर्थिक कठिनाइयां बढ़ रही हैं। उम्र बढ़ने के साथ चिकित्सा और दवाइयों पर होने वाले खर्च के बीच चिकित्सा भत्ता नहीं मिलने से भी परेशानी हो रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने पेंशन के साथ प्रतिमाह एक हजार रुपये चिकित्सा भत्ता देने, वर्तमान महंगाई भत्ते को 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत करने, सातवें वेतन आयोग के लंबित एरियर का भुगतान करने और छठे वेतन आयोग के एरियर का भी भुगतान करने की मांग रखी। इसके अलावा सातवें वेतन आयोग के तहत कर्मचारियों का वेतन निर्धारण यानी फिक्सेशन शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया गया।
अनिल मोदी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि उनकी मांगों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पेंशन, चिकित्सा भत्ता, महंगाई भत्ता और वेतन आयोग से संबंधित लंबित देय राशि के भुगतान को लेकर आवश्यक पहल करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि सेवानिवृत्त कर्मियों को राहत मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल में किशोर परिहार, खिरोड़, आजाद, शांति, शोभा, सरस्वती समेत अन्य सेवानिवृत्त कर्मचारी शामिल थे।

