Breaking
Sat. Sep 19th, 2026

*नगर परिषद की पांचवीं बोर्ड बैठक में कई प्रस्ताव पारित* *खुले नालों पर स्लैब, पूजा स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था और कचरा उठाव बढ़ाने का निर्णय*

चाईबासा: नगर परिषद चाईबासा की पांचवीं बोर्ड बैठक शनिवार को अध्यक्ष नितिन प्रकाश की अध्यक्षता में नगर परिषद सभागार में हुई। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी संतोषिनी मुर्मू, उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा, सभी वार्ड पार्षद, नगर परिषद के पदाधिकारी व कर्मी, स्वच्छता एवं पेयजल प्रमंडल चाईबासा के प्रतिनिधि तथा विद्युत विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में वार्ड पार्षदों की ओर से दिए गए विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई। जनहित से जुड़े कई प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक की शुरुआत 15 जुलाई 2026 को हुई पिछली बोर्ड बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि के साथ हुई।

आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए शहर के सभी खुले नालों पर स्लैब लगाने तथा पूजा स्थलों और वहां जाने वाले रास्तों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। मंगलाहाट के सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा हुई। बोर्ड ने एकरारनामा के अनुसार काम पूरा नहीं करने वाले संवेदक को तीन माह का अंतिम नोटिस देने का निर्णय लिया। इसके बाद भी काम पूरा नहीं होने पर एकरारनामा रद्द कर नई निविदा निकालने की कार्रवाई की जाएगी।

जुबली पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए अभियंत्रण शाखा को स्थल निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया। इसमें दीवारों का रंग-रोगन, बोटिंग और फाउंटेन की सुविधा उपलब्ध कराने पर विचार किया गया। बोर्ड ने कहा कि जुबली पार्क के बेहतर संचालन और सौंदर्यीकरण से नगर परिषद के राजस्व में भी वृद्धि हो सकती है।

नगर परिषद की दुकानों के किराये की समीक्षा के बाद किराये में वृद्धि का निर्णय लिया गया। प्रस्तावित वृद्धि स्वीकार नहीं करने वाले दुकानदारों के एकरारनामे को नियमानुसार रद्द कर दुकान जप्त करने की कार्रवाई का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान लीकेज के कारण घरों तक पानी नहीं पहुंचने वाले स्थानों पर तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के तहत पायनियर एजेंसी को कचरा उठाव के वाहनों की संख्या छह से बढ़ाकर 10 करने और सभी वार्डों में प्रतिदिन कचरा उठाव सुनिश्चित करने को कहा गया।

वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट की समीक्षा में एजेंसी प्रतिनिधि ने भुगतान में विलंब के कारण काम पूरा नहीं होने की जानकारी दी। कार्यपालक पदाधिकारी संतोषिनी मुर्मू ने बताया कि भुगतान की प्रक्रिया चल रही है। एजेंसी ने अगले 20 दिनों में काम शुरू करने का आश्वासन दिया।

वार्ड संख्या पांच स्थित आश्रयगृह में सक्षम लोगों से 50 रुपये शुल्क लेने और रेस्क्यू कर लाए गए आवासहीन व जरूरतमंद लोगों को सभी सुविधाएं नि:शुल्क देने का निर्णय लिया गया। अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लिए दवा और आवश्यक सामग्री की हर तिमाही जरूरत के अनुसार मांगपत्र तैयार कर खरीद प्रक्रिया पूरी करने पर सहमति बनी।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में आवेदन करने वाले लाभुकों के आवेदन पर संबंधित वार्ड पार्षद की सहमति के बाद ही एग्रीमेंट की कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। अंत में डीएमएफटी फंड से किए जाने वाले विभिन्न कार्यों के प्रस्तावों को भी चर्चा के बाद सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में शहर की स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, पर्यटन, आवास, स्वास्थ्य और अन्य जनसुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े कई निर्णय लिए गए।

Related Post