बोकारो। गणेश पूजा जुलूस में वर्चस्व दिखाने के लिए हथियार लेकर पहुंचे दो युवकों को बीएस सिटी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से एक लोडेड देशी सिक्सर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर नगर डीएसपी के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने दुन्दीबाग माड़ी पट्टी निवासी मंगल पासवान (39) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड देशी सिक्सर बरामद हुआ।
पूछताछ में पुलिस को सेक्टर-1सी आयर खटाल निवासी शिवम कुमार की संलिप्तता की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर शिवम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के पास से कुल एक देशी लोडेड सिक्सर और दो जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं। पूछताछ में दोनों ने गणेश पूजा जुलूस के दौरान वर्चस्व दिखाने के लिए हथियार लेकर आने की बात कही है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में पु.नि. सह थाना प्रभारी ममता कुमारी, पु.अ.नि. महती बोयपाई, पु.अ.नि. अनिल कुमार गुप्ता, स.अ.नि. रंजन मिश्रा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

