Breaking
Sat. Nov 7th, 2026

खरकई नदी के चेक डैम में नहाने गए दो युवक डूबे, रात में थमा खोज अभियान

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आरआइटी थाना क्षेत्र में रविवार शाम खरकई नदी के आसंगी चेक डैम में नहाने के दौरान दो युवक गहरे पानी में डूब गए। घटना करीब साढ़े तीन बजे की बतायी जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही आरआइटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से दोनों युवकों की तलाश शुरू करायी, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

आरआइटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर के अनुसार, धोबोडुंगरी (बंतानगर) निवासी 18 वर्षीय सोनू लोहार और मीरूडीह निवासी शुभम शर्मा बाइक से आसंगी चेक डैम पहुंचे थे। दोनों नदी में नहाने के लिए उतरे थे, इसी दौरान तेज बहाव के कारण पानी की गहराई में चले गए और डूब गये। बताया गया कि शुभम शर्मा पहले बाबा आश्रम में रहता था।

पुलिस के अनुसार, इन दिनों खरकई नदी में पानी का स्तर काफी बढ़ा हुआ है और नदी का बहाव भी तेज है। अंधेरा होने के कारण रविवार रात को तलाशी अभियान रोक दिया गया। सोमवार सुबह स्थानीय गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ की टीम की मदद से दोनों युवकों की तलाश दोबारा शुरू की जाएगी। घटना के बाद से दोनों युवकों के परिजनों में चिंता और मायूसी का माहौल है।

Related Post