Breaking
Sun. Sep 6th, 2026

चुटूपालू घाटी में भीषण सड़क हादसा, डीएसपी अकरम रजा की मौसी की मौत, पांच घायल

रामगढ़। रांची-पटना मुख्य मार्ग स्थित चुटूपालू घाटी में रविवार को एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। घाटी में हुए भीषण सड़क हादसे में रामगढ़ मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा की मौसी की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, डीएसपी अकरम रजा के परिवार के सदस्य कार से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान चुटूपालू घाटी से नीचे उतरते समय एक अनियंत्रित ट्रेलर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है।

दुर्घटना के कारण चुटूपालू घाटी के फोरलेन पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों के सड़क पर खड़े रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की, ताकि यातायात व्यवस्था को जल्द सामान्य किया जा सके। हादसे के कारणों की भी पुलिस जांच कर रही है।

Related Post