गोड्डा। जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी के मामलों का शीघ्र खुलासा करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में गोड्डा नगर थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने लोडेड देशी कट्टा, दो चोरी की बैट्री और चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार गोड्डा नगर थाना कांड संख्या 146/26, दिनांक 11 अगस्त 2026 के मामले में फसिया डंगाल, गंगटा निवासी सोनु उर्फ मो. अरबाज शेख उर्फ मोनु उर्फ वीरा के घर पर छापेमारी की गई थी। तलाशी के दौरान उसके घर में छिपाकर रखा गया लोडेड देशी कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी की दो बैट्री और चार मोटरसाइकिल भी बरामद की गईं।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घरों और अन्य स्थानों से चोरी करने के अलावा मोटरसाइकिल भी चोरी करता था। चोरी की गई मोटरसाइकिलों के इंजन और चेचिस नंबर को छेनी से घिसकर मिटाने के बाद उन्हें कम कीमत में बेचने का काम किया जाता था।
पुलिस ने बरामद सभी सामान को विधिवत जब्त कर लिया है। मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक बरामद वाहनों में बिना नंबर की काला लाल रंग की होंडा एसपी मोटरसाइकिल, बिना नंबर की काला नीला रंग की हीरो एचएफ डीलक्स, काले रंग की टीवीएस स्पोर्ट और बिना नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शामिल हैं। इसके अलावा दो चोरी की बैट्री और एक लोडेड देशी कट्टा भी बरामद किया गया है।
छापेमारी अभियान में पथरगामा प्रभाग के पुलिस निरीक्षक दिनेश महली, सदर प्रभाग के पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक, नाफिस प्रभारी मनोहर कुमार, गोड्डा नगर थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह, सड़क सुरक्षा प्रभारी मनीष कुमार यादव, पुलिस अवर निरीक्षक भोलानाथ दास, लोकनाथ भगत, मनोज कुमार पाल, साइबर सेल प्रभारी विनय कुमार समेत गोड्डा नगर थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।

