चाईबासा: जापान कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में इंटर स्टेट स्कूल ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप का आयोजन हैदराबाद में 20 से 24 अगस्त तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में 18 वर्ष से कम आयु के स्कूली कराटे खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ऑल इंडिया इंटर स्कूल कराटे चैंपियनशिप का आयोजन तीन कैटेगरी में किया जाएगा। पहली कैटेगरी में कक्षा एक से पांच, दूसरी कैटेगरी में कक्षा छह से आठ और तीसरी कैटेगरी में कक्षा नौ से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
चैंपियनशिप के साथ राष्ट्रीय स्तरीय प्रशिक्षण शिविर, ब्लैक बेल्ट डिप्लोमा तथा टेक्निकल लाइसेंस परीक्षा का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन जापान से आए सातवीं डॉन ब्लैक बेल्ट सिहान ताकुया तानियामा, चौथी डॉन ब्लैक बेल्ट जापान सेंसाई वाई. हाकीजुमे तथा जेकेए इंडिया के मुख्य कराटे प्रशिक्षक सातवीं डॉन ब्लैक बेल्ट जापान सिहान आनंद रत्ना करेंगे।
चार दिवसीय कार्यक्रम के दौरान तीन दिनों तक राष्ट्रीय स्तर के कराटे प्रशिक्षण शिविर के साथ टूर्नामेंट का आयोजन होगा। इस चैंपियनशिप में जेकेएआई झारखंड के छह कराटे खिलाड़ी भाग लेंगे। झारखंड स्कूल टीम में टीम मैनेजर सेंसाई डॉक्टर अमरेश अनीश और टीम कोच सेंसाई पंकज कुमार सिंह शामिल हैं।
खिलाड़ियों में भाविनी कुमारी, संत जेवियर गर्ल्स प्लस टू हाई स्कूल चाईबासा, आयुष सरदार, मधुसूदन पब्लिक स्कूल चक्रधरपुर, लॉरेंस पूर्ति, संत जेवियर हाई स्कूल लुपुंगुटू चाईबासा, भूमिका बिरूली और एंजेल सरदार, संत जेवियर्स इंग्लिश स्कूल चाईबासा तथा कृष्णा सवैंयाँ, संत जेवियर बॉयज स्कूल चाईबासा शामिल हैं।
जेकेएआई झारखंड टीम की सफलता के लिए संत जेवियर बॉयज स्कूल के प्रधानाध्यापक सह संत जेवियर ऑडिटोरियम हॉल के डायरेक्टर फादर युजिन एक्का, संत जेवियर स्कूल के शिक्षक ब्रदर अनिल, पूर्व केंद्र के इंचार्ज राकेश तिग्गा, जेकेएआई झारखंड के उपाध्यक्ष इरशाद अली सहित समस्त पदाधिकारी और गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।
जेकेएआई झारखंड टीम 19 अगस्त को चाईबासा से हैदराबाद के लिए रवाना होगी और 26 अगस्त को वापस लौटेगी। यह जानकारी जेकेएआई झारखंड के अध्यक्ष सह प्रमुख कराटे प्रशिक्षक सेंसाई पंकज कुमार सिंह ने दी।

