चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित एसआर रूंगटा बी-डिविजन लीग 2026-27 के मुकाबले में टाउन क्लब चाईबासा ने सिद्धार्थ अग्रवाल की शतकीय पारी की बदौलत नेशनल क्रिकेट क्लब (एनसीसी) बड़ा जामदा को चार विकेट से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एनसीसी बड़ा जामदा की टीम ने निर्धारित 30 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 269 रन बनाए। टीम की ओर से प्रवीण साहनी ने 13 चौके और नौ छक्कों की मदद से 136 रनों की शानदार पारी खेली। ऋषि राज सिंह ने आठ चौके और दो छक्कों की सहायता से 75 रन बनाए, जबकि प्रगति कुमार ने 25 रनों का योगदान दिया।
टाउन क्लब चाईबासा की ओर से गेंदबाजी करते हुए कृपा सिंधु चंदन ने 45 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। ओम प्रकाश महतो ने बिना कोई रन दिए दो विकेट चटकाए, जबकि पारस नंदी को एक विकेट मिला।
270 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टाउन क्लब चाईबासा की टीम ने 21.3 ओवर में छह विकेट खोकर 271 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम के कप्तान सिद्धार्थ अग्रवाल ने मात्र 62 गेंदों पर 14 चौके और सात छक्कों की मदद से 117 रन बनाए। दूसरे सलामी बल्लेबाज प्रणय कुमार ने तीन चौके और चार छक्के की सहायता से 46 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया।
दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए मात्र 9.3 ओवर में 118 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद कृपा सिंधु चंदन ने सात चौके और एक छक्के की मदद से 41 रन बनाए। उन्होंने सिद्धार्थ अग्रवाल के साथ दूसरे विकेट के लिए 123 रनों की साझेदारी की। सिद्धार्थ का विकेट 241 रन के स्कोर पर गिरा। इसके बाद एनसीसी बड़ा जामदा के गेंदबाजों ने जल्दी-जल्दी चार विकेट लेकर वापसी की कोशिश की, लेकिन तब तक टाउन क्लब जीत के काफी करीब पहुंच चुका था।
एनसीसी बड़ा जामदा की ओर से मोहित चौधरी और आयुष आर्या ने दो-दो विकेट लिए, जबकि कप्तान यशस्वी गौतम और शौर्य सिंह को एक-एक विकेट मिला।
लीग के अगले मुकाबले में शुक्रवार को रायवल क्लब गुवा का सामना चक्रधरपुर की शाह स्पोर्ट्स अकादमी से होगा।

