Breaking
Thu. Oct 15th, 2026

जमशेदपुर: टुईलाडुंगरी दुर्गा पूजा पंडाल का सोमेश सोरेन और समीर मोहंती ने किया उद्घाटन, 1934 से चली आ रही परंपरा

प्लास्टिक की उपयोगी वस्तुओं से तैयार हुआ आकर्षक पंडाल, 20 फीट की मां राजराजेश्वरी की प्रतिमा बनी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र

जमशेदपुर: टुईलाडुंगरी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी के भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन गुरुवार को घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन और बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर कमिटी के मुख्य संरक्षक राजू गिरी, अध्यक्ष मिथिलेश सिंह यादव, महासचिव दिनेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

वर्ष 1934 से निरंतर आयोजित हो रही इस पूजा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष पंडाल को विशेष रूप दिया गया है। पश्चिम बंगाल से आए कारीगरों ने प्लास्टिक की बोतल, प्लेट, कटोरी, चम्मच और ग्लास जैसी उपयोगी वस्तुओं का रचनात्मक इस्तेमाल कर आकर्षक पंडाल तैयार किया है। इसके माध्यम से वस्तुओं के पुनः उपयोग का संदेश देने का प्रयास किया गया है।

20 फीट की मां राजराजेश्वरी की प्रतिमा मुख्य आकर्षण

इस वर्ष पूजा पंडाल में मां दुर्गा के राजराजेश्वरी स्वरूप की लगभग 20 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। ओडिशा के कारीगरों ने प्रतिमा का निर्माण किया है। वहीं, चांदीपुर की आकर्षक विद्युत सजावट और पूजा परिसर में आयोजित मेला भी श्रद्धालुओं और बच्चों के लिए खास आकर्षण का केंद्र है।

विधायकों ने दीं दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं

उद्घाटन समारोह में विधायक सोमेश सोरेन ने कमिटी के सदस्यों और क्षेत्रवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।

वहीं, विधायक समीर मोहंती ने वर्ष 1934 से चली आ रही पूजा परंपरा को क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था का प्रतीक बताया। उन्होंने कमिटी के प्रयासों की सराहना करते हुए शहरवासियों से सपरिवार पूजा पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने की अपील की।

पुरोहितों को किया गया सम्मानित

कमिटी के मुख्य संरक्षक राजू गिरी ने पूजा की ऐतिहासिक परंपरा का उल्लेख करते हुए आयोजन में स्थानीय नागरिकों और सदस्यों के योगदान की सराहना की। महासचिव दिनेश कुमार ने बताया कि कमिटी पूर्व में गोवा के शांता दुर्गा मंदिर और देवघर के प्रसिद्ध नौलखा मंदिर सहित विभिन्न विषयों पर आधारित पंडाल तैयार कर चुकी है। इस वर्ष प्लास्टिक की उपयोगी वस्तुओं से पंडाल बनाकर रचनात्मकता और पुनः उपयोग का संदेश देने का प्रयास किया गया है।

समारोह के दौरान लंबे समय से पूजा-अर्चना और धार्मिक सेवाओं में योगदान देने वाले पंडित प्रदीप्त कुमार दास, पंडित निरंजन रथ और कृष्णा साहू को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कमिटी के अध्यक्ष मिथिलेश सिंह यादव ने की। मंच संचालन महासचिव दिनेश कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन लाइसेंसी किशोर कुमार राजा ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर मोहन कर्मकार, महावीर मुर्मू, अभिषेक सिंह, सतबीर सिंह, सोनू सिंह, डॉ. संजय गिरी और डिबर पूर्ति सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। पूजा आयोजन को सफल बनाने में कोषाध्यक्ष श्रीनू राव, उपाध्यक्ष प्रशांत गिरी, रंजीत गुप्ता, अजय कुमार, सतीश कुमार, राज कुमार सिंह, अमोद सिंह, सुनील कुमार चौधरी, बलकार सिंह, जितेंद्र साहू सहित कमिटी के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

कमिटी ने शहरवासियों और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से सपरिवार पूजा पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Related Post