Breaking
Fri. Aug 7th, 2026

दांतू में लाखों की चोरी: सोना-चांदी, नकदी और कीमती सामान ले उड़े चोर, दूसरी बार निशाना बना वही घर

कसमार (बोकारो): कसमार थाना क्षेत्र के दांतू बाजार टांड़ स्थित मड़ई मंदिर के समीप एक घर में बुधवार रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घर का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

पीड़ित कैलाश कुमार नायक ने कसमार थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। आवेदन के अनुसार, वे 5 अगस्त को अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदारी में गए थे। लगातार बारिश के कारण दोनों रात में घर नहीं लौट सके। गुरुवार सुबह जब उन्होंने मोबाइल से घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी करनी चाही तो सिस्टम ऑफलाइन मिला। इसके बाद घर पहुंचने पर बाहर का ताला सही सलामत था, लेकिन अंदर के सभी ताले टूटे हुए मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था।

पीड़ित के अनुसार, चोर लगभग एक किलो सोने के जेवरात, करीब 10 किलो चांदी के आभूषण, 54,260 रुपये नकद, कांसा-पीतल के कीमती बर्तन, सीसीटीवी का एनवीआर, वाई-फाई कैमरे, सेट-टॉप बॉक्स समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

कैलाश कुमार नायक ने बताया कि उनके घर में यह दूसरी बार चोरी हुई है। इससे पहले 13 सितंबर 2025 को भी चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया था। लगातार दूसरी घटना से पूरा परिवार दहशत और मानसिक तनाव में है। पीड़ित ने पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

इधर, कसमार थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के साक्ष्यों और उपलब्ध तकनीकी पहलुओं के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Post