Breaking
Fri. Aug 7th, 2026

जल नल योजना से पाइप चोरी करते ट्रक सहित चालक व उपचालक पुलिस की हिरासत में

कोडरमा/सतगावां: सतगावां थाना क्षेत्र की कटैया पंचायत अंतर्गत दुमदुमा स्थित घोड़सिमर मंदिर के समीप जल नल योजना के निर्माणाधीन पानी टंकी स्थल से गुरुवार को पाइप चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की पाइप से लदे ट्रक समेत चालक और उपचालक को हिरासत में ले लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, संवेदक मेसर्स दरोगा प्रसाद को कार्यस्थल से पाइप चोरी होने की गुप्त सूचना मिली थी। संवेदक ने तत्काल इसकी जानकारी सतगावां थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने मौके से सप्लाई पानी की करीब सैकड़ों पाइप लोड कर ट्रक वाहन संख्या WB 15 L1467 से भागे जा रहे वाहन को जब्त कर लिया। साथ ही चालक राहुल मंडल, उपचालक आंदू कौर और पाइप लोडिंग के कार्य में लगे मजदूरों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया।

उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी इसी निर्माणाधीन स्थल से पाइप की चोरी हुई थी, जिसके संबंध में सतगावां थाना में लिखित आवेदन दिया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Related Post