Breaking
Thu. Aug 6th, 2026

बेकरी का शटर काटकर घुसे चोर, नकदी नहीं मिली तो केक-चॉकलेट खाकर हुए फरार

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा बाजार में चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई है। बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक बेकरी दुकान का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया, लेकिन जब उन्हें दुकान में नकदी नहीं मिली तो उन्होंने वहां रखे केक और चॉकलेट खाए तथा कुछ खाद्य सामग्री लेकर फरार हो गए। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, बेकरी संचालक मदन गुप्ता गुरुवार सुबह जब अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो शटर कटा हुआ देखकर हैरान रह गए। दुकान के अंदर जाने पर उन्होंने पाया कि सामान बिखरा हुआ है और केक व चॉकलेट गायब हैं। इसके बाद उन्होंने तत्काल बड़ाजामदा थाना को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, जिसमें तीन संदिग्ध युवक दुकान के भीतर आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Post