Breaking
Tue. Oct 27th, 2026

साहिबगंज में महिला की पत्थर से कूचकर हत्या, खून से लथपथ मिला शव

साहिबगंज: जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र में 45 वर्षीय महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महादेवगंज और ललमटिया गांव के बीच सोमवार की रात अज्ञात अपराधियों ने महिला के सिर पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मंगलवार सुबह सड़क किनारे खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान ललमटिया निवासी शंकर भुईयां की पत्नी गीता देवी के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि मंगलवार सुबह ग्रामीणों की नजर महिला के शव पर पड़ी। शव की हालत देखकर ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना जिरवाबाड़ी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शशि कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या की गई है। हमले में महिला के सिर में गहरा जख्म हो गया था और काफी खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास से साक्ष्य जुटाए हैं।

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल भेज दिया। हत्या के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। जिरवाबाड़ी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और हत्यारों की पहचान कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

Related Post