चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग की ओर से लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कुमारडूंगी थाना क्षेत्र के बांसपानी और जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के खुटियापदा में अवैध चुलाई शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान बांसपानी और खुटियापदा में संचालित अवैध चुलाई शराब की भट्टियों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान मौके से तैयार अवैध चुलाई शराब और शराब बनाने के लिए रखा गया किण्वित जावा-महुआ बरामद किया गया। बरामद सामग्री को नियमानुसार नष्ट कर दिया गया।
उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान कुल 30 लीटर अवैध चुलाई शराब और 460 किलोग्राम जावा-महुआ बरामद किया। वहीं, अवैध चुलाई शराब की बिक्री के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
अवैध चुलाई शराब के निर्माण और बिक्री के मामले में कुल दो आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें एक आरोपी गिरफ्तार हो चुका है, जबकि दूसरा फरार है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और उत्पाद विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

