बोकारो: बोकारो साइबर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 82 वर्षीय एक बुजुर्ग को साइबर ठगी में गंवाई गई सात लाख रुपये की राशि वापस मिल गई। इस सफलता के बाद पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक और साइबर थाना की टीम का आभार जताते हुए उनकी तत्परता की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, बोकारो के गुजरात कॉलोनी निवासी 82 वर्षीय नरेंद्र कुमार सिन्हा ने 23 जून 2026 को साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके एचडीएफसी बैंक खाते, एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड और आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से साइबर अपराधियों ने करीब 7.65 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली है।
शिकायत मिलते ही बोकारो साइबर थाना ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बिना समय गंवाए संबंधित बैंक, पेमेंट गेटवे और अन्य एजेंसियों को ई-मेल के माध्यम से लेनदेन का विवरण भेजकर संदिग्ध राशि को होल्ड करने का अनुरोध किया।
जांच के दौरान पता चला कि ठगों ने चोरी की गई राशि का इस्तेमाल ऑनलाइन शॉपिंग के भुगतान के लिए किया था। ऐसे ट्रांजेक्शन कुछ समय तक अलर्ट मोड में रहते हैं। इसी अवधि के भीतर पुलिस ने रेजरपे, कैशफ्री, रत्नाकर बैंक और अन्य संबंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर भुगतान को रोकने में सफलता हासिल की। इसके परिणामस्वरूप सात लाख रुपये की राशि सुरक्षित कर पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
राशि वापस मिलने के बाद नरेंद्र कुमार सिन्हा ने बोकारो पुलिस से मुलाकात कर खुशी व्यक्त की और पुलिस अधीक्षक तथा साइबर थाना की पूरी टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की प्रशंसा की।
बोकारो पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार के साइबर अपराध का शिकार होते हैं तो बिना देरी किए इसकी सूचना निकटतम साइबर थाना या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर ठगी की रकम को बचाया जा सके।

