Breaking
Thu. Aug 6th, 2026

धनबाद में चोरों ने पुलिस टीम पर बोला हमला, एएसआई घायल, आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज

धनबाद: जिले के भूली ओपी क्षेत्र में गश्त के दौरान एक संदिग्ध चोर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में भूली ओपी में पदस्थापित एएसआई हरिप्रकाश मिश्रा घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, एएसआई हरिप्रकाश मिश्रा नियमित गश्ती के दौरान एक संदिग्ध चोर को पकड़कर भूली ओपी लाए थे। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपने अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बताए गए स्थान पर पहुंची।

बताया जाता है कि पुलिस के वहां पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे चोरों के गिरोह ने टीम को चारों ओर से घेर लिया। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एएसआई हरिप्रकाश मिश्रा घायल हो गए। हालांकि अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और घायल अधिकारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही जिले के वरीय पुलिस अधिकारी सक्रिय हो गए। अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया और हमले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिसकर्मी पर हमला करने और मारपीट समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि हमले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post