Breaking
Wed. Aug 5th, 2026

मंझारी में भाजपा मंडल की बैठक, मतदाता पुनरीक्षण और संगठन मजबूती पर दिया गया जोर, पूर्व मंत्री ने दी दिशा निर्देश

मंझारी: भारतीय जनता पार्टी मझगांव विधानसभा क्षेत्र के मंझारी मंडल की बैठक बुधवार को भरभरिया हाट टांड़ में मंडल अध्यक्ष सिद्धेश्वर गोप की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, मंडल प्रभारी प्रताप कटियार महतो, जिला मंत्री बंशीधर प्रधान तथा एसटी मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष जयपाल सिंह कुंकल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। बैठक का संचालन गुरुचरण बांकिरा ने किया।

बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। इसके तहत प्रत्येक पंचायत स्तर पर प्रभारी, संयोजक और सह-संयोजकों की जिम्मेदारी तय की गई, जो मंडल, पंचायत और बूथ स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों का संचालन करेंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने विशेष रूप से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा बनाए गए बीएलए-2 अपने-अपने बूथों के बीएलओ से संपर्क कर प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची की जांच करें। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में नहीं है तो उसका आवेदन भरवाकर नाम जुड़वाने की प्रक्रिया सुनिश्चित करें। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाताओं का भी फॉर्म भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का कार्य करें।

बड़कुंवर गागराई ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर कलश वंदन अभियान और कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसकी शुरुआत मंझारी प्रखंड के थाई गांव से होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि पंचायत से लेकर जिला स्तर तक भ्रष्टाचार बढ़ा है और बिना घूस तथा पैरवी के आम लोगों का काम नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर जनजागरण करना चाहिए और जरूरत पड़ने पर प्रखंड से लेकर जिला मुख्यालय तक आंदोलन चलाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास करता है, जबकि केंद्र की कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है। वहीं राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि कई पात्र लोगों को विधवा पेंशन और वृद्धावस्था पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है तथा कई लाभुकों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं।

मंडल प्रभारी प्रताप कटियार महतो ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को केवल राजनीतिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सामाजिक विषयों पर भी लोगों से लगातार संवाद बनाए रखना चाहिए। पंचायत बैठकों में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और अगले दस दिनों के भीतर बूथ समितियों को मजबूत करते हुए युवाओं एवं महिलाओं को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।

बैठक में रामचंद्र गोप, गुरुचरण बांकिरा, सिकंदर हेंब्रम, साधु चरण पिंगुवा, समीर बिरुवा, अजीत प्रधान, रामचंद्र बेरवा, खगेश्वर रावत, जमादार, कुशनु बिरुवा, डुम्बी बिरुवा, सुशील गोप, मानकी हेंब्रम, लक्ष्मण पान, रामजीवन बिरुवा, पूर्णेन्दु शेखर कालिंदी, सुमंत कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post