जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र के बड़बिल गांव में बकरी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपियों के पास से चोरी की गई तीन बकरियां भी बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए एक्सयूवी-500 वाहन का इस्तेमाल किया गया था।
गालूडीह थाना में इस संबंध में कांड संख्या 15/26, दिनांक 4 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी अंकु कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कपाली ओपी क्षेत्र के अंसार नगर बस्ती निवासी 20 वर्षीय मो. राशिद, अंसार नगर डेमडूबी निवासी 20 वर्षीय मो. इरफान तथा 19 वर्षीय मो. अफरोज शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई तीनों बकरियां बरामद कर ली गईं।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचा गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें बुधवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में इस्तेमाल किए गए वाहन समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों का किसी अन्य चोरी की घटनाओं से भी संबंध है या नहीं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

