Breaking
Wed. Aug 5th, 2026

कांवर यात्रा की तैयारियां तेज, कदमा और सोनारी के शिवभक्तों को मिला पहचान पत्र

जमशेदपुर। आगामी 9 अगस्त को बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए आयोजित होने वाली निशुल्क कांवर यात्रा की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से कदमा और सोनारी के शिवभक्तों के बीच पहचान पत्र और यात्रा संबंधी दिशा-निर्देशों का वितरण किया गया। इस अवसर पर कदमा के रामनगर सामुदायिक भवन और सोनारी स्थित बाबा भूतनाथ मंदिर में अलग-अलग बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में कांवरियों ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने कहा कि यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए संघ की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि करीब 70 सदस्यीय सेवादल यात्रा से एक दिन पूर्व साउथ बिहार एक्सप्रेस से सुल्तानगंज रवाना होगा, ताकि वहां पहुंचकर कांवरियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें और किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने सभी शिवभक्तों से अपील की कि यात्रा के दौरान अपने साथ टॉर्च और एक प्लास्टिक शीट अवश्य रखें, जिससे बारिश अथवा अन्य परिस्थितियों में सुविधा मिल सके। साथ ही उन्होंने समय की पाबंदी पर विशेष जोर देते हुए सभी श्रद्धालुओं से प्रत्येक कार्यक्रम में निर्धारित समय पर पहुंचने का आग्रह किया।

यात्रा की रूपरेखा की जानकारी देते हुए विकास सिंह ने बताया कि बिष्टुपुर और कदमा के शिवभक्त कदमा स्थित मां रकणी मंदिर के समीप एकत्रित होकर पूजा-अर्चना के बाद मानगो के लिए रवाना होंगे। वहीं सोनारी और साकची के श्रद्धालु बाबा भूतनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद मानगो पहुंचेंगे। इसके बाद सभी कांवरियों का एकत्रीकरण मानगो में होगा, जहां सामूहिक पूजा-अर्चना के उपरांत 9 अगस्त को सुल्तानगंज के लिए प्रस्थान किया जाएगा।

बैठक में विकास सिंह के अलावा राजकुमार श्रीवास्तव, आशुतोष सिंह, सुनील सिंह, विक्रम यादव, किशोर बर्मन, कृष्णा सिंह, अजय लोहार, समीर सुमन, मनोज राय, राजेश पांडे, राहुल डे, विराज डे, संजय लल्ला सहित सैकड़ों शिवभक्त उपस्थित रहे।

Related Post