Breaking
Wed. Aug 5th, 2026

टाटा स्टील फाउंडेशन में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, घायलों की मदद करने का दिया संदेश

चाईबासा: टाटा स्टील फाउंडेशन मल्टी स्किल्स सेंटर, चाईबासा में बुधवार को विद्यार्थियों के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को यातायात नियमों, सुरक्षित वाहन संचालन तथा सड़क दुर्घटना की स्थिति में अपनाए जाने वाले आवश्यक उपायों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा समिति के वरिष्ठ सदस्य एवं अधिवक्ता राजाराम गुप्ता मुख्य अतिथि तथा जिला बार एसोसिएशन के महासचिव फादर ऑगस्टीन कुल्लू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

राजाराम गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना सभी के लिए आवश्यक है। इससे स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की भी सुरक्षा सुनिश्चित होती है। उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की तत्काल सहायता करने और उन्हें नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर मदद मिलने से किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। इस दौरान उन्होंने झारखंड सरकार की गुड समैरिटन योजना तथा हिट एंड रन मामलों से संबंधित प्रावधानों की भी जानकारी दी।

फादर ऑगस्टीन कुल्लू ने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना होने पर घायलों की मदद करना, एम्बुलेंस और पुलिस को तुरंत सूचना देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका राजाराम गुप्ता ने व्यावहारिक उदाहरणों के साथ उत्तर दिया। अंत में सभी विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर शंखनिल बासु सहित अन्य पदाधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Post