Breaking
Fri. Jul 31st, 2026

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलीं सांसद जोबा माझी, एनएच-320डी चौड़ीकरण और रेल ओवर ब्रिज निर्माण की मांग दोहराई

चक्रधरपुर: सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर सिंहभूम संसदीय क्षेत्र की लंबित सड़क एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। उन्होंने क्षेत्र के विकास और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रस्तावों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।

सांसद जोबा माझी ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष राष्ट्रीय राजमार्ग-320डी के अंतर्गत चक्रधरपुर से राउरकेला तक लगभग 106 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग दोहराई। उन्होंने बताया कि यह मार्ग झारखंड के चक्रधरपुर को ओडिशा के राउरकेला से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय राष्ट्रीय राजमार्ग है। सड़क के कई हिस्सों में संकरी चौड़ाई और तीखे मोड़ों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। इसके अलावा सोनुवा, गोईलकेरा, पोसैता और मनोहरपुर जैसे प्रमुख बाजार क्षेत्रों में लगातार जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे आम लोगों और मालवाहक वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

जोबा माझी ने नितिन गडकरी से आग्रह किया कि जनहित को देखते हुए एनएच-320डी के चौड़ीकरण कार्य को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही सोनुवा, गोईलकेरा, पोसैता और मनोहरपुर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए फ्लाईओवर अथवा बाईपास निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाए।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से टाटानगर और राउरकेला जैसे दो प्रमुख औद्योगिक शहरों के बीच संपर्क और बेहतर होगा। साथ ही बीजू एक्सप्रेस-वे से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने पर पूरे जनजातीय क्षेत्र में व्यापार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

बैठक के दौरान सांसद ने सिंहपोखरिया–झींकपानी, झींकपानी–तालाबुरू तथा तालाबुरू–केंदपोसी रेलवे समपार फाटकों पर प्रस्तावित रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने इन परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देकर निर्माण कार्य शुरू कराने का अनुरोध किया।

गौरतलब है कि सांसद जोबा माझी इससे पहले भी इन्हीं मांगों को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर चुकी हैं। एक बार फिर इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद क्षेत्र के लोगों को सड़क चौड़ीकरण और रेल ओवर ब्रिज जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के आगे बढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है।

Related Post