पाकुड़: पाकुड़ जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलभिट्टा मार्केट के पास संचालित अवैध गांजा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 420 ग्राम गांजा के साथ गांजा काटने में प्रयुक्त दो कैंची और दो लोहे की कटनी बरामद की है। वहीं मामले में फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई को सूचना मिली थी कि तिलभिट्टा मार्केट के समीप एक गली में स्थित अफसर शेख और गुलाब शेख की दुकानों में अवैध रूप से गांजा और ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
दंडाधिकारी की मौजूदगी में जब एसआईटी ने संबंधित दुकानों पर छापेमारी की तो पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कई लोग मौके से भाग निकले। इस दौरान अफसर शेख को उसकी दुकान से पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसकी दुकान से 107 ग्राम गांजा, एक कैंची और लोहे की कटनी बरामद हुई।
पूछताछ में अफसर शेख की निशानदेही पर पुलिस ने गुलाब शेख की दुकान की भी तलाशी ली, जहां से 313 ग्राम गांजा, एक कैंची और लोहे की कटनी बरामद की गई। इस प्रकार दोनों दुकानों से कुल 420 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 102/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी अफसर शेख, निवासी रानीपुर, थाना पाकुड़ (मुफस्सिल), को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं फरार आरोपी गुलाब शेख की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव, पाकुड़ (मुफस्सिल) थाना प्रभारी गौरव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अंशु उपाध्याय, रामदुलार सिंह तथा मुफस्सिल थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

