Breaking
Thu. Jul 30th, 2026

जेआरडी टाटा की जयंती पर कैट ने किया याद, राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया नमन

जमशेदपुर, 30 जुलाई: भारत के महान उद्योगपति, प्रख्यात विमानन अग्रदूत और समाजसेवी जेआरडी टाटा की जयंती के अवसर पर बिष्टूपुर स्थित राजस्थान भवन में कॉन्फेड्रेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर के प्रमुख व्यापारियों, उद्यमियों एवं विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने जेआरडी टाटा के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैट के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेश सोंथालिया ने कहा कि जेआरडी टाटा का जीवन इस बात का प्रमाण है कि उद्योग केवल आर्थिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त साधन भी हो सकता है।

डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के दिलीप गोयल ने कहा कि जेआरडी टाटा भारत के पहले लाइसेंस प्राप्त पायलट थे। उन्होंने वर्ष 1932 में टाटा एयरलाइंस की स्थापना की, जो आगे चलकर एयर इंडिया के रूप में देश की पहचान बनी।

कृषि बाजार समिति के दीपक भालोटिया ने कहा कि उनके नेतृत्व में टाटा समूह ने इस्पात, ऑटोमोबाइल, रसायन, ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी सहित कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।

कैट के भरत वसानी ने कहा कि जेआरडी टाटा का मानना था कि किसी भी कंपनी की सफलता का वास्तविक उद्देश्य समाज का विकास और लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार होना चाहिए। वहीं एशिया के ट्रस्टी संतोष खैतान ने कहा कि उन्होंने कर्मचारियों के कल्याण, शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष महत्व दिया। इसी कारण टाटा समूह आज भी सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिक व्यावसायिक मूल्यों का प्रतीक माना जाता है।

कैट के किशोर गोलछा ने कहा कि जेआरडी टाटा के उत्कृष्ट योगदान के लिए भारत सरकार ने वर्ष 1992 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया। उनका व्यक्तित्व सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और उत्कृष्ट नेतृत्व का अनुपम उदाहरण था।

लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष विनोद शर्मा ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, नवाचार और सतत विकास के वर्तमान दौर में जेआरडी टाटा के विचार पहले से अधिक प्रासंगिक हैं। वहीं चैंबर के पूर्व उपाध्यक्ष आलोक चौधरी ने कहा कि उनकी जयंती हमें गुणवत्ता, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प दिलाती है।

कमानी सेंटर ट्रेड एसोसिएशन के सचिव समीर मकानी ने जेआरडी टाटा को देश के औद्योगिक विकास का अग्रदूत बताते हुए कहा कि टाटा समूह ने देश के विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया है।

कार्यक्रम में सुधीर सिंह, सवार शर्मा, बी. एन. शर्मा, महेश सोंथालिया, पार्षद सत्यनारायण अग्रवाल, पवन शर्मा, आनंद चौधरी, निलेश वोरा, सुनील सोंथालिया, अरुण सोंथालिया, बिट्ठल अग्रवाल, नवीन श्रीवास्तव, शिव सुंदर अग्रवाल, पवन देबुका, शांतनु घोष, समीर मकानी, किशन संघी और बिमल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

Related Post