जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के एमजीएम थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 9.2 किलोग्राम गांजा, 31,360 रुपये नकद, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक मोटरसाइकिल, एक जियो कीपैड मोबाइल और एक टचस्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एमजीएम थाना क्षेत्र के बेको गांव निवासी मंतोष महतो उर्फ बुधू महतो (38) तथा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला अंतर्गत बंदवान क्षेत्र के शंभू गोराई (58) और प्राण कृष्ण गोराई (53) शामिल हैं।
गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि 29 जुलाई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार के नेतृत्व में एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास एवं उनकी टीम ने बेको गांव में छापेमारी की। तलाशी के दौरान मंतोष महतो के घर से 7.2 किलोग्राम गांजा, 6,400 रुपये नकद और एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया।
पूछताछ में मंतोष महतो ने स्वीकार किया कि वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से गांजा मंगाकर अपने घर में छिपाता था और आसपास के इलाकों में उसकी अवैध बिक्री करता था। उसने पुलिस को यह भी जानकारी दी कि बंदवान से दो अन्य तस्कर गांजा लेकर उसके घर आने वाले हैं।
इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल बेको से छोटाबांकी गांव जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। कुछ ही देर बाद मोटरसाइकिल से पहुंचे शंभू गोराई और प्राण कृष्ण गोराई को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 2 किलोग्राम गांजा और गांजा बिक्री से प्राप्त 24,960 रुपये नकद बरामद किए गए।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 9.2 किलोग्राम गांजा, 31,360 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक जियो कीपैड मोबाइल फोन और एक टचस्क्रीन मोबाइल फोन जब्त किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और तस्करी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

