Breaking
Wed. Jul 22nd, 2026

पत्नी के हमले में पति गंभीर रूप से घायल, जान का खतरा बताते हुए पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार

जमशेदपुर। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के पटेल नगर रोड नंबर-4 में बुधवार सुबह पति-पत्नी के बीच हुआ घरेलू विवाद हिंसक रूप ले बैठा। मामूली कहासुनी के बाद स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पत्नी ने कथित तौर पर धारदार हथियार से अपने पति पर हमला कर दिया। हमले में पति सरोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके हाथ में गहरा जख्म हो गया।

जानकारी के अनुसार, सरोज कुमार और उनकी पत्नी संगीता देवी के बीच किसी पारिवारिक मुद्दे को लेकर विवाद शुरू हुआ था। कुछ ही देर में दोनों के बीच तीखी नोकझोंक मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान संगीता देवी ने धारदार हथियार से सरोज कुमार पर वार कर दिया। हमले से उनका हाथ बुरी तरह कट गया। उन्हें तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके हाथ पर 15 टांके लगाए। फिलहाल उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद घायल सरोज कुमार ने गोविंदपुर थाना पहुंचकर अपनी पत्नी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने पुलिस से न सिर्फ कानूनी कार्रवाई की मांग की है, बल्कि अपनी जान की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। उनका कहना है कि उनकी पत्नी उनकी हत्या करने पर उतारू है और यदि समय रहते पुलिस ने हस्तक्षेप नहीं किया तो भविष्य में कोई बड़ी घटना हो सकती है। उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया है कि उन्हें ऐसी पत्नी से बचाया जाए जो उनकी जान लेने पर तुली हुई है।

दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post