Breaking
Wed. Jul 22nd, 2026

जुगसलाई में फिर शुरू हुआ डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, पार्षदों के दबाव के बाद बहाल हुई व्यवस्था

जमशेदपुर। जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में पिछले पांच दिनों से बंद पड़े डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य बुधवार से दोबारा शुरू हो गया। सेवा बहाल होने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। नगर परिषद के विशेष पदाधिकारी और कचरा संग्रहण एजेंसी के बीच हुई वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया।

वार्ड पार्षद एवं भाजपा नेता अनिल मोदी ने कहा कि नगर परिषद के पार्षदों द्वारा लगातार दबाव बनाए जाने और विशेष पदाधिकारी की पहल के बाद एजेंसी ने पुनः कचरा उठाव शुरू किया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कचरा नहीं उठने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

अनिल मोदी ने नगर परिषद से मांग की कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित एजेंसी आगे भी अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतती है तो उसे तत्काल ब्लैकलिस्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एजेंसी संचालक कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, जनहित से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने एजेंसी को चेतावनी देते हुए कहा कि नियमित रूप से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। यदि भविष्य में फिर लापरवाही सामने आती है तो एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि जुगसलाई की जनता के हितों की रक्षा के लिए पार्षद हमेशा संघर्ष करते रहेंगे और जनसमस्याओं के समाधान के लिए आवाज उठाते रहेंगे।

Related Post