Breaking
Mon. Sep 21st, 2026

चाकू से युवक पर जानलेवा हमला करने का आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पाण्ड्राशाली ओपी अंतर्गत भोया गांव में युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी नामजद आरोपी गणेश इचागुटू उर्फ टुकड़ा (33) को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी भोया गांव का रहने वाला है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सोमवार को मामले की जानकारी सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने दी।

पुलिस के अनुसार, भोया निवासी दिपक बोदरा (26) ने 3 सितंबर को दिए फर्दबयान में आरोप लगाया था कि गणेश इचागुटू ने जान से मारने की नीयत से उस पर चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस बयान के आधार पर मुफ्फसिल थाना के पाण्ड्राशाली ओपी में कांड संख्या 115/26 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 118(1), 109 और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ बहामन टूटी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सूचना और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 21 सितंबर को आरोपी गणेश इचागुटू उर्फ टुकड़ा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। अनुसंधान के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि करीब डेढ़ वर्ष पहले गणेश इचागुटू बेंगलुरु में मजदूरी करता था। उस दौरान उसने मोबाइल फोन के जरिए दिपक बोदरा की पत्नी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की थी। इसी पुरानी बात को लेकर 3 सितंबर को दिपक आरोपी के पास पहुंचा, जहां दोनों के बीच विवाद और गाली-गलौज होने लगी। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान आवेश में आकर गणेश ने दिपक पर चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Related Post