Breaking
Wed. Jul 22nd, 2026

बोलाईडीह हत्याकांड में पुलिस को एक और सफलता, फरार आरोपी शिबू गोप गिरफ्तार

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलाईडीह में हुए चर्चित हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी शिबू गोप (23) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह गम्हरिया थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर का रहने वाला है और घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाया गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

बोलाईडीह हत्याकांड में इससे पहले पुलिस चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है।

आदित्यपुर थाना प्रभारी ने कहा कि इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा और उनके खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस का अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक मामले के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती।

Related Post