Breaking
Sun. Jul 5th, 2026

मकान विवाद में युवक को गोली मारने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, कट्टा-कारतूस और बाइक बरामद

जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर में मकान विवाद को लेकर युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, खोखा, मोबाइल फोन और बाइक भी बरामद की गई है।

रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 2 जुलाई की रात करीब 11 बजे कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर स्थित बजरंगबली मंदिर के पास संजय सोना (पुत्र विनोद सोना), निवासी काली मंदिर रोड, रामजनमनगर, को उसके घर के समीप दो लोगों ने गोली मार दी थी। गोली संजय के मुंह में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल को तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस मामले में कदमा थाना कांड संख्या 70/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर मामले के नामजद आरोपी कृष्णा सोना (20 वर्ष) और अनिल सोना (24 वर्ष), दोनों निवासी काली मंदिर रोड, रामजनमनगर, कदमा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, एक 8 एमएम का जिंदा कारतूस, एक खोखा, दो मोबाइल फोन तथा एक यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल बरामद की।

सिटी एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से मकान संबंधी विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2024 में भी कदमा थाना में मारपीट और अन्य धाराओं के तहत एक आपराधिक मामला दर्ज है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।

Related Post