Breaking
Mon. Oct 19th, 2026

आजादनगर में सुरक्षाकर्मी से दिनदहाड़े छिनतई, 1500 रुपये और दस्तावेज लूटकर फरार हुए बदमाश

जमशेदपुर। आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर 16 स्थित मुस्कान रेसिडेंसी के पास मंगलवार को स्कूटी सवार दो युवकों ने एक सुरक्षाकर्मी को निशाना बनाते हुए उससे करीब 1500 रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज छीन लिये। वारदात दोपहर करीब पौने दो बजे की बतायी जा रही है। पीड़ित की पहचान मानगो के मुंशी मोहल्ला निवासी उमाकांत महतो के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार उमाकांत महतो अपने घर से पैदल ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सुनसान रास्ते में स्कूटी सवार दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने उनके साथ जबरदस्ती और मारपीट करते हुए उन्हें पास में रखे बालू पर गिरा दिया। इसके बाद हाथ मरोड़कर उनकी जेब से करीब 1500 रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज निकाल लिये।

विरोध करने के दौरान हुई हाथापाई में उमाकांत महतो की पैंट भी फट गयी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी स्कूटी से मौके से फरार हो गये। घटना की सूचना मिलने पर टाइगर मोबाइल के जवान मौके पर पहुंचे और पीड़ित से पूरी जानकारी ली। बाद में उमाकांत महतो ने आजादनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिये हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Post