Breaking
Fri. Sep 4th, 2026

1934 से आस्था की परंपरा, भव्य स्वरूप में आगे बढ़ रहा दुर्गा पूजा महोत्सव टुइलाडुंगरी में श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी ने विधि-विधान से किया भूमि पूजन

जमशेदपुर, 4 सितंबर 2026। श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी, टुइलाडुंगरी की ओर से इस वर्ष दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को पूजा पंडाल निर्माण के लिए वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ।

भूमि पूजन में पूजा कमिटी के मुख्य संरक्षक राजू गिरी, अध्यक्ष मिथलेश सिंह यादव, महासचिव दिनेश कुमार और कर्ता कृष्णा साहू मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। सभी ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। अनुष्ठान पंडित निरंजन रथ और पंडित प्रदीप्त कुमार दास के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा पूजा स्थल भक्तिमय हो उठा।

1934 से लगातार हो रहा दुर्गा पूजा का आयोजन

कमिटी के महासचिव दिनेश कुमार ने बताया कि टुइलाडुंगरी की दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि आजादी से पहले ओडिया समाज के लोगों ने यहां दुर्गा पूजा की नींव रखी थी और वर्ष 1934 से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन होता आ रहा है।

समय के साथ इस पूजा ने भव्य स्वरूप हासिल किया है। वर्ष 2000 से श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी, टुइलाडुंगरी की पूजा जमशेदपुर के प्रमुख और आकर्षक दुर्गा पूजा आयोजनों में शामिल रही है। हर वर्ष यहां भव्य पूजा पंडाल, आकर्षक सजावट, विद्युत सज्जा और मेले का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है।

पूजा के दौरान जमशेदपुर सहित आसपास और दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करते हैं। कमिटी का प्रयास है कि धार्मिक आस्था और पुरानी परंपरा को बनाए रखते हुए इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए भव्य, आकर्षक और व्यवस्थित पूजा का आयोजन किया जाए।

भूमि पूजन के साथ ही दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। कमिटी के सदस्यों ने श्रद्धालुओं से आगामी दुर्गा पूजा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

इस अवसर पर राजकुमार सिंह, आमोद कुमार सिंह, प्रशांत गिरी, रंजीत गुप्ता, डॉ. संजय गिरी, बी. श्रीनिवास राव, बलकार सिंह, पाण्डेय प्रधान, अमरीक सिंह मिक्के, संजय कुमार साह, सागेन कंडूलना, आशीष प्रधान, वीरेंद्र प्रधान, सामू होनहागा, शिवनाथ बिहारी, राधेश्याम, उमेश जग्गी भोला समेत पूजा कमिटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Related Post