Breaking
Wed. Sep 23rd, 2026

500 श्रद्धालुओं का जत्था हजूर साहिब रवाना, साकची गुरुद्वारा कमिटी ने मनजीत सिंह गिल को किया सम्मानित

जमशेदपुर: रंगरेटा शिरोमणि शहीद बाबा जीवन सिंह की 365वीं जयंती के अवसर पर हजूर साहिब में आयोजित होने वाले विशाल नगर कीर्तन में शामिल होने के लिए बुधवार को करीब 500 श्रद्धालुओं का जत्था टाटानगर रेलवे स्टेशन से रवाना हुआ। रंगरेटा महासभा के नेतृत्व में श्रद्धालु संतरागाछी–नांदेड़ एक्सप्रेस से अबचल नगर, हजूर साहिब के लिए रवाना हुए।

जत्थे की रवानगी से पहले टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सरबत के भले की अरदास की गई। श्रद्धालुओं ने बाबा जीवन सिंह के प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रकट करते हुए नगर कीर्तन में शामिल होने के लिए उत्साह के साथ प्रस्थान किया।

श्रद्धालुओं को विदा करने के लिए गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी साकची के मुख्य सेवादार निशान सिंह के नेतृत्व में कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य स्टेशन पहुंचे। इनमें महासचिव परमजीत सिंह काले, कोषाध्यक्ष बलबीर सिंह, अजायब सिंह बरियार, दलजीत सिंह, बलदेव सिंह बब्बू और मनोहर सिंह मिते समेत अन्य सदस्य शामिल थे।

इस दौरान निशान सिंह ने जत्थे की अगुवाई कर रहे मंजीत सिंह गिल रंगरेटा समेत अन्य सदस्यों को सिरोपा देकर सम्मानित किया। कमेटी की ओर से यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।

निशान सिंह ने कहा कि बाबा जीवन सिंह का जीवन त्याग, शौर्य और मानवता की सेवा की प्रेरणा देता है। उनके पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर हजूर साहिब की धरती पर आयोजित विशाल नगर कीर्तन में शामिल होना संगत के लिए श्रद्धा और सौभाग्य का विषय है।

इस अवसर पर सीजीपीसी के पूर्व प्रधान गुरमुख सिंह मुखे और मीरा मुंडा ने भी टाटानगर स्टेशन पहुंचकर श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उन्हें यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Post