चाईबासा: धनतेरस पर्व के अवसर पर शुक्रवार को चाईबासा के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के विभिन्न बाजारों और दुकानों में सुबह से ही लोगों की आवाजाही शुरू हो गई। सोना-चांदी, बर्तन, झाड़ू, पूजा सामग्री, सजावट के फूल, माला, रंगोली, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानों में लोग जमकर खरीदारी करते नजर आए। धनतेरस को लेकर शहर का बाजार पूरी तरह गुलजार रहा।
शहर के सदर बाजार, पोस्ट ऑफिस चौक, दुर्गा मंदिर रोड, जैन मार्केट, सेंट्रल बैंक चौक, बस स्टैंड रोड, बड़ी बाजार, सोनार गली और कपड़ा पट्टी में दिनभर काफी भीड़ देखी गई। बाजार में भीड़ का आलम ऐसा था कि लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी हो रही थी। कई जगहों पर मोटरसाइकिल और साइकिल लेकर निकलना भी मुश्किल हो गया था। दुकानदारों को ग्राहकों की भीड़ के कारण काफी व्यस्त देखा गया।
धनतेरस पर सोना-चांदी की खरीदारी को शुभ माना जाता है। इस कारण आभूषण दुकानों में भी लोगों की अच्छी भीड़ रही। ग्राहक अपनी क्षमता और बजट के अनुसार सोने-चांदी के आभूषण तथा सिक्कों की खरीदारी करते नजर आए। दुकानदारों के अनुसार, सोने और चांदी के दाम में गिरावट से ग्राहकों को खरीदारी में सहूलियत मिल रही है। सुबह से ही लोग दुकानों पर पहुंचने लगे थे।
वहीं, शहर के विभिन्न दोपहिया वाहन शोरूम में भी ग्राहकों की भीड़ देखी गई। लोग धनतेरस के शुभ अवसर पर नई मोटरसाइकिल खरीदने पहुंचे। इसके अलावा विभिन्न फर्नीचर दुकानों में भी लोगों ने अपनी पसंद के सामान की खरीदारी की।
गांधी मैदान में लगी अस्थायी पटाखा दुकानों में भी काफी भीड़ रही। लोग दीपावली के लिए पटाखे और अन्य सामग्री खरीदते नजर आए।
कुल मिलाकर धनतेरस के अवसर पर चाईबासा में बाजार की रौनक देखते ही बन रही थी। पर्व को लेकर दुकानदारों में भी अच्छे कारोबार की उम्मीद जगी है।

