चाईबासा: लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत और समावेशी बनाने में युवाओं, विशेषकर छात्राओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। जागरूक युवा ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला होते हैं। छात्राएं अपने परिवार और समाज में मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। यह बातें जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने संत जेवियर्स बालिका इंटर कॉलेज, चाईबासा में आयोजित ईएलसी 2.0 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं।
जिला निर्वाचन कार्यालय पश्चिमी सिंहभूम के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में दसवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा की छात्राओं के बीच क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता कराई गई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान के महत्व तथा नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान के साथ प्रत्येक नागरिक का जागरूक और जिम्मेदार होना जरूरी है। छात्राएं अपने परिवार, पड़ोस और समाज में मतदान का संदेश पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर से ही छात्राओं में लोकतांत्रिक चेतना और नेतृत्व क्षमता विकसित करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लांग, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार ने भी छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, मतदान के अधिकार, निष्पक्ष निर्वाचन और नागरिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।
प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। क्विज के माध्यम से निर्वाचन संबंधी ज्ञान का आकलन किया गया, जबकि निबंध प्रतियोगिता में लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान के महत्व पर विचार व्यक्त करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर नीलिमा केरकेट्टा, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं और विद्यालय कर्मी उपस्थित रहे।

