Breaking
Sun. Aug 30th, 2026

पोटका में तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को कुचला, मौके पर मौत; मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने हाता-टाटा मार्ग किया जाम

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा हाता-टाटा मुख्य मार्ग पर पावरू पहाड़ मोड़ के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार 12 चक्का ट्रक ने पैदल जा रहे युवक को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक के नीचे आने से युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के उरूघुटू गांव निवासी सुमन मंडल के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सुमन पोल्ट्री ढोने वाले पिकअप वैन में खलासी के रूप में काम करता था। रविवार सुबह पावरू पहाड़ स्थित वाशिंग सेंटर में पिकअप वैन को धोने के लिए लगाया गया था। वाहन की धुलाई के बाद वह नाश्ता करने के लिए सड़क किनारे पैदल होटल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पावरू पहाड़ मोड़ चौक के पास शाह स्पंज कंपनी से माल खाली कर लौट रहे 12 चक्का ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। युवक की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर हाता-टाटा मुख्य मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया।

सड़क जाम होने के कारण मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ग्रामीणों से बातचीत कर जाम हटाने की कोशिश में जुटी रही।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रक का नंबर सीजी-15-डीएच-5176 बताया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, ग्रामीण मृतक के परिवार को उचित मुआवजा मिलने तक अपनी मांग पर अड़े रहे।

Related Post