चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने मंगलवार को मझगांव विधानसभा क्षेत्र के कुमारडुंगी और मझगांव प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पंचायतों और बूथ क्षेत्रों के भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर ग्रामीण इलाकों में बारिश से उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली।
पूर्व मंत्री ने कार्यकर्ताओं से ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों, सड़कों, बिजली व्यवस्था और जलजमाव की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई परिवार कच्चे मकानों में रहते हैं और बारिश के कारण उनके घरों में पानी घुसने तथा छत से पानी टपकने की समस्या सामने आ रही है। ऐसे परिवारों को तत्काल सहायता और घरों की मरम्मत के लिए आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध कराने की जरूरत है।
बड़कुंवर गागराई ने कहा कि क्षेत्र में अबुआ आवास योजना और अंबेडकर आवास योजना का लाभ जरूरतमंद लोगों तक सही तरीके से नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है, लेकिन जमीनी स्थिति को देखकर ऐसा लगता है कि कई परिवार अभी भी इन योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को देखना और उनके समाधान के लिए पहल करना जनप्रतिनिधियों की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दौरे के दौरान ग्रामीणों से बातचीत में कई तरह की समस्याएं सामने आई हैं। कुछ ग्रामीणों ने यह भी शिकायत की कि जनप्रतिनिधि केवल चुनाव के समय ही गांवों में दिखाई देते हैं।
दौरे के दौरान उन्होंने ग्रामीण सड़कों की खराब स्थिति का भी जायजा लिया। कई जगह लगातार बारिश के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे आवागमन प्रभावित है। उन्होंने कहा कि कुछ गांवों में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति भी बाधित है। इस संबंध में उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से बातचीत की है और जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने की बात कही है। उन्होंने बताया कि एक-दो दिनों के अंदर प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत सेवा बहाल करने का आश्वासन विभाग की ओर से दिया गया है।
दौरे में कुमारडुंगी और मझगांव प्रखंड के भाजपा के स्थानीय पंचायत एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की बारिश से जुड़ी समस्याओं की जानकारी पूर्व मंत्री को दी।

