जमशेदपुर: साकची बाजार स्थित शिव मंदिर में मंगलवार को भोले बाबा का सहस्त्रघट जलाभिषेक धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। पूजा का आयोजन शिव मंदिर कमिटी के सुभाष शाह और उमेश शाह परिवार की ओर से किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
पंडित बिपीन के नेतृत्व में शहर के 11 विद्वान पंडितों ने सामूहिक रूप से पूजा संपन्न कराई। सुबह 10 बजे से शिव पूजन शुरू हुआ, जबकि दोपहर एक बजे से सहस्त्रघट जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने विधिवत भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की।
शाम 5 बजे भोले बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया और इसके बाद महाआरती हुई। फूलों की लड़ियों से सजे भगवान शिव का आकर्षक श्रृंगार श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। महाआरती के दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
पूरे दिन मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र ‘ओम नमः शिवाय’, ‘जय-जय भोलेनाथ’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा। धार्मिक आयोजन के चलते साकची बाजार का माहौल भक्तिमय बना रहा और मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
आयोजन में गिरधारी लाल खेमका, निर्मल काबरा, बी. महेश्वरी, अरुण बांकरेवाल, अशोक मोदी, कमलेश चौधरी, बजरंग लाल अग्रवाल, सांवरमल अग्रवाल, लालचंद अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, बबलू मिनी अग्रवाल, आशीष खन्ना, गौरव जवानपुरिया, प्रमोद खन्ना और मुरारी अग्रवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

