Breaking
Thu. Aug 13th, 2026

होटल में ठहरे जमशेदपुर के बैंककर्मी की चाईबासा में अचानक मौत, जांच में जुटी पुलिस

चाईबासा। जमशेदपुर के बिरसानगर निवासी 48 वर्षीय बैंककर्मी संजीव कुमार शर्मा उर्फ सोना की चाईबासा में अचानक मौत हो गई। संजीव आईडीएफसी बैंक के वित्त विभाग में कार्यरत थे और वाहनों के ऋण की वसूली के सिलसिले में चाईबासा आते-जाते रहते थे। वह 11 अगस्त को जमशेदपुर से चाईबासा पहुंचे थे और शाम करीब सात बजे मधु बाजार स्थित केएनआर होटल में कमरा लेकर ठहरे थे।

जानकारी के मुताबिक, 12 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे संजीव होटल से बाहर निकले। उन्होंने पास की एक दुकान से कुछ सामान खरीदा और वहां से आगे बढ़े ही थे कि अचानक सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

संजीव की मौत की सूचना मिलने पर उनके बड़े भाई राहुल रंजन शर्मा और मनोज शर्मा चाईबासा पहुंचे। परिजनों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही संजीव की मौत हो चुकी थी। गुरुवार को सदर थाना पुलिस की मौजूदगी में सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

इधर, होटल के कमरे की जांच के दौरान पुलिस और परिजनों को कुछ ऐसी बातें भी सामने आईं, जिनसे मौत को लेकर संदेह पैदा हुआ है। परिजनों के अनुसार संजीव के साथ होटल में एक महिला भी आई थी, जिसकी पहचान परिवार के लोग नहीं कर सके। कमरे से खाने-पीने का सामान, दो गिलास और शराब की बोतल बरामद होने की बात भी सामने आई है। संजीव के पेट पर एक निशान मिलने की बात परिजनों ने कही है।

परिवार के सदस्यों ने संजीव की मौत के कारण को लेकर आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कही है। हालांकि, परिजनों ने यह भी बताया कि संजीव पहले से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और वेल्लोर में उनका इलाज चल रहा था। कुछ समय पहले उनकी दवा बंद हो गई थी, लेकिन परिवार के अनुसार हाल के दिनों में उनकी तबीयत सामान्य थी।

सदर थाना प्रभारी हीरालाल महतो ने बताया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। होटल के कमरे से मिले सामान और संजीव के साथ मौजूद महिला समेत अन्य बिंदुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। संजीव अपने पीछे 10 और 11 वर्ष के दो बच्चों समेत परिवार छोड़ गए हैं।

Related Post